12 नवंबर 2019 - 17:16
दाइश के अमरीकी और यूरोपीय आतंकवादियों की घर वापसी शुरू, तुर्की ने पहला आतंकवादी अमरीका को लौटाया

तुर्की ने दाइश के लिए सीरिया और इराक़ में लड़ने वाले एक अमरीकी आतंकवादी को स्वदेश वापस लौटा दिया है।

अंकारा का कहना है कि उसने पकड़े गए दाइश के आतंकवादियों को उनके अपने मुल्कों को लौटाना शुरू कर दिया है।

तुर्की की सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलू की रिपोर्ट के मुताबिक़, तुर्क गृह मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल कटकली ने कहा है कि 14 नवम्बर को तुर्की की जेलों में बंद जर्मनी के 7 आतंकवादियों को उनके देश वापस लौटाया जाएगा।

हालांकि उन्होंने तुर्की की जेलों में बंद दाइश के आतंकवादियों के बारे में कि जो अमरीका और पश्चिमी देशों के नागरिक हैं, ज़्यादा जानकारी नहीं दी।

कटकली का कहना थाः प्रक्रिया पूरी करने के बाद, एक अमरीकी आतंकवादी को देश से निकाल दिया गया है।

उन्होंने आगे कहाः जर्मन आतंकवादियों को वापस उनके देश भेजने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 14 नवम्बर को उन्हें तुर्की से निर्वासित कर दिया जाएगा।

अमरीका और जर्मनी ने तुर्की के इस बयान पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

ग़ौरतलब है कि सीरिया और इराक़ की सरकारों को गिराने के लिए अमरीका और पश्चिमी देशों ने कुछ अरब देशों की सहायता से तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश का गठन किया था, जिसमें शामिल होकर लड़ने के लिए दुनिया भर विशेषकर अमरीका और यूरोप से तुर्की के रास्ते आतंकवादी सीरिया पहुंचे थे।

लेकिन दाइश की पराजय के बाद उसका समर्थन करने वाले देशों के सामने अब इन आतंकवादियों की वापसी का संकट पैदा हो गया है और कई देशों ने तो उनकी नागरिकता ही निरस्त कर दी है, जिससे तुर्की बहुत नाराज़ है।